राजस्थान:-सांसद हनुमान बेनीवाल का बड़ा आरोप, अशोक गहलोत का साथ दे रही हैं वसुंधरा राजे
सांसद बेनीवाल का ट्वीट- वसुंधरा बचा रही हैं गहलोत की अल्पमत वाली सरकार, कई कांग्रेस विधायकों को फोन किया, सबूत मेरे पास हैं

- राजस्थान में भाजपा के सहयोगी दल रालोपा के सांसद हैं बेनीवाल, वसुंधरा विरोधी माने जाते हैं
- प्रदेश में सात दिन से चल रही सियासी उठापटक पर अब तक कुछ भी नहीं बोलीं हैं वसुंधरा राजे
जयपुर: बीजेपी की सहयोगी पार्टी राष्ट्रीय लोकत्रांतिक पार्टी (आरएलपी) के अध्यक्ष और सांसद हनुमान बेनीवाल ने राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे पर बड़ा आरोप लगाया है. उन्होंने दावा किया कि वसुंधरा राजे अशोक गहलोत का साथ दे रही हैं. बेनीवाल ने आरोप लगाया कि वसुंधरा विधायकों को फोन कर रही हैं और गहलोत का साथ देने को कह रही हैं. आरएलपी एनडीए की सहयोगी पार्टी है. उन्होंने यहां तक कह दिया कि वसुंधरा-गहलोत दोनों एक दूसरे के भ्रष्टाचार पर पर्दा डालते हैं.
बेनीवाल ने ट्वीट करते हुए कहा, ‘’पूर्व सीएम वसुन्धरा राजे अशोक गहलोत की अल्पमत वाली सरकार को बचाने का पुरजोर प्रयास कर रही है, राजे द्वारा कांग्रेस के कई विधायकों को इस बारे में फोन भी किए गए. प्रदेश व देश की जनता वसुंधरा-गहलोत के आंतरिक गठजोड़ की कहानी को समझ चुकी है!’’
हमारे पास पुख्ता सबूत हैं- हनुमान बेनीवाल
अपने एक और ट्वीट में उन्होंने कहा, ‘’पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने राजस्थान कांग्रेस में उनके करीबी विधायकों से फोन पर बात कर उन्हें अशोक गहलोत का साथ देने की बात कही. सीकर और नागौर जिले के एक जाट विधायकों को राजे ने खुद इस मामले में बात करके सचिन पायलट से दूरी बनाने को कहा जिसके पुख्ता प्रमाण हमारे पास हैं.’’
बेनीवाल ने भाजपा से की थी राजनीति की शुरुआत
बेनीवाल अभी राजस्थान के नागौर सीट से सांसद हैं। उन्होंने भाजपा से राजनीति की शुरुआत की थी। 2008 में बेनीवाल पहली बार भाजपा के टिकट पर चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे। इसके बाद 2013 में उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ा। 2018 में उन्होंने राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी का गठन किया। वे नागौर के ही बारांगांव के रहने वाले हैं। राजस्थान के जाट समुदाय के वोटर्स में उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है। 2019 के लोकसभा चुनाव में उनकी पार्टी ने भाजपा के साथ गठबंधन करके चुनाव लड़ा था।